राजनगर में तुलसी विवाह महोत्सव की धूम: श्री बालाजी मंदिर में प्रभु चारभुजा नाथ को चढ़ाई हल्दी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
राजनगर: श्री बालाजी मंदिर में तुलसी विवाह महोत्सव की धूम, प्रभु चारभुजा नाथ को चढ़ाई हल्दी राजसमंद। राजनगर स्थित सौ फीट रोड के बजरंग चौराहा पर बने श्री बालाजी मंदिर की दसवीं वर्षगांठ पर आयोजित तुलसी विवाह महोत्सव में शनिवार को हल्दी का कार्यक्रम बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद दोपहर में भक्तों ने प्रभु चारभुजा नाथ को हल्दी चढ़ाई और महिलाओं ने पीतवर्ण परिधानों में पारंपरिक गीतों व भजनों पर सांस्कृतिक रंग बिखेरा। महोत्सव में भक्तों द्वारा भगवान के लिए बिनोला कार्यक्रम भी जारी है, जिसके तहत श्रद्धालु प्रभु चारभुजा नाथ को न्यौता देकर ढोल–नगाड़ों के साथ अपने घर ले जाकर भक्ति भाव से भोजन करवाते हैं। यह कार्यक्रम सुबह और शाम दोनों समय आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम में शनिवार को सारंगपुर के श्री बालाजी महाराज भी विशेष मेहमान के तौर पर पहुंचे। रात को निकाली गई छोटी बिनोली में भोइवाड़ा के प्रभु चारभुजा नाथ की बाल प्रतिमा और सारंगपुर बालाजी की अष्टधातु प्रतिमा को बेवाण में विराजित कर नगर भ्रमण कराया गया। महोत्सव के तहत सोमवार को सुबह कलश आगमन और शाम 4 बजे बिनोली निकाली जाएगी, जिसमें नौ रथ, डीजे, बग्घी और घोड़े शामिल रहेंगे। वहीं मंगलवार दोपहर बारात स्वागत के बाद शाम 5:15 बजे विवाह रस्में होंगी और रात्रि में भजन संध्या में शंभू धनगर, हेमलता वैष्णव और विश्वास नंदवाना प्रस्तुति देंगे।
