केलवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई जैन मंदिरों में चोरी करने वाली गैंग के 3 आरोपी गिरफ्तार
केलवा पुलिस को मिली बड़ी सफलता: जैन मंदिर में चोरी करने वाली ‘गैंग’ के 3 सदस्य गिरफ्तार। केलवा थाना पुलिस ने जैन मंदिरों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त सुरेश, कैलाश, और सवाराम को डिटेन किया। थानाधिकारी लक्ष्मण विश्नोई के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उदयपुर जिले के निवासी इन तीनों अभियुक्तों को चोरी की वारदात में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पूछताछ में अभियुक्तों ने चन्द्रप्रभुजी मंदिर, घौडी पार्श्वनाथ मंदिर, और शांतिनाथ मंदिर में हुई चोरी की घटना को स्वीकार किया है। इन मंदिरों से श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई लगभग तीन से चार हजार रुपये की रकम चोरी हुई थी। पुलिस को उम्मीद है कि इन अभियुक्तों से और भी चोरी की वारदातों का खुलासा हो सकता है।
