भीषण हादसे का असर गोमती–पाली हाईवे पर तेज़ी से पैच वर्क, स्पीड ब्रेकर निर्माण अंतिम चरण में
भीषण हादसे के बाद जागा प्रशासन :- गोमती-पाली हाईवे पर जगह-जगह पैच वर्क और स्पीड ब्रेकर का काम पूरा होने को। राजसमन्द ज़िले के चारभुजा-गोमती-पाली स्टेट हाईवे की जर्जर हालत को लेकर 5 दिन पहले लगी खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। यह वह सड़क थी जहाँ जगह-जगह एक-एक और दो-दो फीट गहरे गड्ढे बन गए थे, जिससे गाड़ियों के पीछे सिर्फ़ धूल का गुबार उठता था और आए दिन हादसों का खतरा बना रहता था। ख़बर का असर यह हुआ कि अब आरएसआरडीसी (RSRDC) के ठेकेदार द्वारा इस मार्ग पर पैच वर्क का कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, पाली से गोमती तक का यह मरम्मत कार्य बहुत जल्द पूर्ण हो जाएगा। सड़क पर पैच वर्क और मरम्मत का कार्य होने से अब आमजन का खतरा काफी हद तक कम हो गया है। बीते दिनों इसी टूटी-फूटी सड़क मार्ग के कारण भोपजी की भागल में हुए एक भीषण हादसे में एक महिला की जान चली गई थी। इस दुर्घटना के बाद, कस्बेवासियों ने सड़क सुधार की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था। विभाग ने मांग पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है। ठेकेदार द्वारा पैच वर्क का कार्य शुरू करने के साथ ही, जगह-जगह पर स्पीड ब्रेकर भी बनाए जा रहे हैं ताकि वाहनों की गति को नियंत्रित किया जा सके और सड़क पर सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। टूटी सड़कों के कारण हो रहे हादसों पर अब लगाम लगने की उम्मीद है। विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय निवासियों और मार्ग से गुज़रने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। रिपोर्ट – पवन वैष्णव
