1 min read

राजसमंद में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई — 35 लाख की हरियाणा निर्मित अवैध शराब जब्त, दो गिरफ्तार

राजसमंद में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: 35 लाख की हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब जब्त, दो गिरफ्तार राजसमंद जिला आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिसके तहत हरियाणा निर्मित भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई है और दो अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। आबकारी आयुक्त शिव प्रसाद नकाते, के निर्देशन में यह विशेष अभियान चलाया गया। मुखबिर से मिली सूचना पर, जिला आबकारी अधिकारी लोकेश जोशी और विकासचन्द्र शर्मा के संयुक्त नेतृत्व में टीम ने एन.एच. 08 पर नाकाबंदी की। मांडावाड़ा टोल नाके पर एक अशोक लिलेण्ड ट्रक कंटेनर (HR-55-AM-7287) को रोका गया। तलाशी में ट्रक के अंदर विभिन्न ब्रांडों की अवैध अंग्रेजी मदिरा के कुल 105 कार्टून बरामद हुए। इन कार्टूनों में 1242 बोतलें थीं, जिनकी कुल मात्रा 928 बल्क लीटर है। बरामद शराब पर स्पष्ट रूप से “फॉर सेल इन हरियाणा ऑनली” का मार्का लगा हुआ है। जब्त शराब का अनुमानित मूल्य करीब 35 लाख रुपये है, और जब्त किए गए वाहन का बाज़ार मूल्य भी लगभग 35 लाख रुपये आंका गया है। टीम ने मौके से दो अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान वाहन चालक ईश्वर सिंह पुत्र मोहन सिंह और उसके सहयोगी गणपत सिंह पुत्र गोरधन सिंह के रूप में हुई है, जो दोनों ही भीलवाड़ा जिले के सबल सागर, बदनौर के निवासी हैं। ​फिलहाल, आबकारी विभाग ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य आपूर्तिकर्ताओं व नेटवर्क के बारे में विस्तृत अनुसंधान जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि राजसमंद और आस-पास के क्षेत्रों में अवैध शराब की रोकथाम के लिए ये निरोधात्मक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *